राजनांदगांव पुलिस की रक्षा टीम ने स्कूली बच्चों को सिखाए सुरक्षा और आत्मरक्षा के गुर, अभिव्यक्ति ऐप की भी दी जानकारी
राजनांदगांव पुलिस की रक्षा टीम ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत बिरला ओपन माइंड स्कूल, अनुपम नगर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को व्यक्तिगत सुरक्षा, आत्मरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।

पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में रक्षा टीम के अधिकारियों ने बच्चों को गुड टच और बैड टच की पहचान, आत्मरक्षा के मूलभूत तरीके तथा किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस को सूचना देने के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ न जाएं और अजनबियों द्वारा दी जाने वाली खाने-पीने की वस्तुएं स्वीकार न करें। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को सतर्क और जागरूक रहने की सीख देते हुए सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को अभिव्यक्ति ऐप की जानकारी दी गई तथा उन्हें अपने मोबाइल फोन में यह ऐप डाउनलोड भी कराया गया। पुलिस ने बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में यह ऐप त्वरित सहायता प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम है।
जागरूकता कार्यक्रम में 50 से अधिक विद्यार्थी और शिक्षक उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और राजनांदगांव पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
