राजनांदगांव पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड चोरी की गुत्थी, महाराष्ट्र के दो अंतर्राज्यीय शातिर चोर गिरफ्तार
राजनांदगांव पुलिस ने कौरिनभांठा क्षेत्र में सूने मकान में हुई ब्लाइंड चोरी का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल और थाना बसंतपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, कौरिनभांठा निवासी उमाशंकर साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 जुलाई 2026 को वह अपनी पत्नी के साथ नवा रायपुर गए थे। 17 जुलाई की रात घर लौटने पर मुख्य गेट, चैनल गेट और अलमारी के लॉकर के ताले टूटे मिले। अज्ञात चोर घर से सोने-चांदी के जेवर, चांदी के सिक्के, करीब 80 हजार रुपये नगद सहित लगभग 2.48 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के निर्देशन में थाना बसंतपुर और साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने शहरभर में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के महाराष्ट्र की ओर भागने की पुष्टि हुई।

पुलिस टीम तत्काल नागपुर पहुंची और संदेहियों रमाकांत उर्फ रामभाऊ तथा वाल्सल सातपुटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से चोरी किए गए सोने के आभूषणों को गलाकर लगभग 35 ग्राम का सोने का डल्ला तैयार कर लिया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का डल्ला, चांदी की पायल, बिछिया, 19 चांदी के सिक्के, अन्य चोरी गया सामान और नगदी बरामद की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी रमाकांत उर्फ रामभाऊ के खिलाफ पूर्व से चोरी के कई मामले दर्ज हैं, जिससे उसके शातिर आपराधिक रिकॉर्ड का खुलासा हुआ है।
