ग्वालियर पुलिस का होटलों पर बड़ा एक्शन, रिकॉर्ड में मिली गड़बड़ी, होटल संचालकों को जारी किए नोटिस
ग्वालियर पुलिस ने शहर में संचालित होटलों एवं स्पा सेंटरों में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाते हुए आकस्मिक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान कई होटलों के रिकॉर्ड में अनियमितताएं मिलने पर संबंधित होटल प्रबंधकों से पूछताछ की गई और संचालकों को नोटिस जारी किए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह (IPS) के निर्देशन में यह कार्रवाई जनसुनवाई के दौरान मिली शिकायतों के आधार पर की गई। कैलाश नगर और सिटी सेंटर क्षेत्र के नागरिकों ने तीन होटलों में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल के मार्गदर्शन में महिला सुरक्षा शाखा प्रभारी डीएसपी शिखा सोनी एवं महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रश्मि भदौरिया ने पुलिस टीम के साथ होटल हेरिटेज, हैप्पी इन और हेवन इन का आकस्मिक निरीक्षण किया।

चेकिंग के दौरान होटल रजिस्टर, अतिथियों के रिकॉर्ड और पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस को रिकॉर्ड संधारण में कई अनियमितताएं मिलीं। इसके बाद संबंधित होटल मैनेजरों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया तथा होटल संचालकों को आवश्यक नोटिस जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस ने होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अतिथियों की वैध पहचान के आधार पर ही कमरा उपलब्ध कराया जाए, होटल रजिस्टरों का नियमित और सही तरीके से संधारण किया जाए तथा सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए।

पुलिस ने चेतावनी दी कि यदि किसी होटल या स्पा सेंटर में अनैतिक या अवैध गतिविधियां संचालित होती पाई गईं तो संबंधित संचालक और प्रबंधक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ग्वालियर पुलिस ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए होटलों एवं स्पा सेंटरों की जांच का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
