‘हमर पुलिस हमर गांव’ अभियान के तहत बेमेतरा पुलिस पहुंची गांव, साइबर फ्रॉड से लेकर नए कानूनों तक लोगों को किया जागरूक
बेमेतरा पुलिस जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से “हमर पुलिस हमर बाजार” एवं “हमर पुलिस हमर गांव” अभियान लगातार चला रही है। पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन में पुलिस टीम गांव-गांव पहुंचकर आम नागरिकों को कानून, सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर रही है।
इसी अभियान के तहत थाना परपोडी पुलिस की टीम ने ग्राम बगडुमार में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान ग्रामीणों को नवीन आपराधिक कानूनों, साइबर फ्रॉड, फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, नशा मुक्ति, यातायात नियमों तथा अन्य अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं, अपनी व्यक्तिगत एवं बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को अवैध अप्रवासी बांग्लादेशी एवं रोहिंग्या घुसपैठियों अथवा बाहर से आकर संदिग्ध परिस्थितियों में ठहरे व्यक्तियों के संबंध में भी सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हों तो उसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1905 पर तत्काल दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बेमेतरा पुलिस ने कहा कि सामुदायिक सहभागिता से ही सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है।
