ग्वालियर पुलिस का बड़ा ड्रग्स एक्शन, कार से 37.273 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

0

ग्वालियर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डबरा सिटी थाना क्षेत्र की टेकनपुर चौकी के अंतर्गत एक कार से 37.273 किलोग्राम गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजे के साथ घटना में प्रयुक्त मारुति अल्टो कार भी जब्त की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह (IPS) के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री जयराज कुबेर एवं एसडीओपी डबरा श्री सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

इलाका भ्रमण के दौरान टेकनपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव को चुरली नहर रोड स्थित बम्बा के पास एक संदिग्ध मारुति अल्टो कार खड़ी दिखाई दी। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन की जांच की, जिसमें दो व्यक्ति सवार मिले।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान गुरुपाल सिंह जोहल (50 वर्ष) निवासी ग्राम रई, थाना करहिया तथा मुलायम सिंह रावत (35 वर्ष) निवासी ग्राम डोंगरपुर, वर्तमान निवासी कृष्णा कॉलोनी, गुड़ा, ग्वालियर के रूप में हुई।

कार की तलाशी लेने पर डिग्गी और पीछे की सीट से तीन प्लास्टिक की बोरियों में रखा 37 किलो 273 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3.70 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजे के साथ मारुति अल्टो कार (CG 04 KQ 6278) भी जब्त कर ली।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना डबरा सिटी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से गांजे की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी डबरा सिटी उप निरीक्षक संजय शर्मा, चौकी प्रभारी टेकनपुर उप निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों