प्रेम प्रसंग को लेकर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, डोंगरगढ़ पुलिस ने आरोपी को भिलाई से किया गिरफ्तार
राजनांदगांव। प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को डोंगरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद फरार आरोपी को भिलाई से पकड़कर उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया। आरोपी की तलाश में साइबर थाना राजनांदगांव की अहम भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार आरोपी विक्रम कुल्लू (19 वर्ष) निवासी महावीर पारा, डोंगरगढ़ ने प्रेम संबंध को लेकर विवाद के दौरान युवक पर धारदार चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

प्रकरण की शिकायत घायल युवक के परिजन द्वारा डोंगरगढ़ थाने में दर्ज कराई गई। जांच में सामने आया कि पीड़ित युवक अपनी महिला मित्र के साथ चौक क्षेत्र में मौजूद था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और प्रेम संबंध को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने चाकू से युवक के पेट पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
घायल युवक को पहले डोंगरगढ़ शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर उसे आगे उपचार के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर फरार आरोपी की तलाश शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर टीम की मदद से आरोपी का पता लगाकर उसे भिलाई से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2) और 109 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत रिमांड पर भेजा गया।
राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल-112 को सूचना दें।
