उजियारा अभियान में कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.575 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, ₹81,600 का माल जब्त
कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “उजियारा अभियान” के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। भानुप्रतापपुर पुलिस ने गांजा बेचने की फिराक में खड़े एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.575 किलोग्राम गांजा और बिक्री से प्राप्त नगदी सहित कुल ₹81,600 का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में जिलेभर में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन और एसडीओपी श्री शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना भानुप्रतापपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम संबलपुर कराठी रोड स्थित अटल आवास के मुख्य मार्ग के पास एक व्यक्ति झोले में गांजा रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। जांच में उसके कब्जे से 1.575 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹79,000 है, बरामद किया गया। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त ₹2,600 नगद भी जब्त किए गए। कुल मिलाकर ₹81,600 मूल्य का मशरूका पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।
आरोपी के खिलाफ थाना भानुप्रतापपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कांकेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “उजियारा अभियान” के तहत जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
