ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान, मुरार में हटाया अतिक्रमण, 17 वाहनों पर कार्रवाई, ₹8,500 का जुर्माना

0

ग्वालियर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए ग्वालियर यातायात पुलिस ने नगर निगम के साथ संयुक्त अभियान चलाकर अग्रसेन बाजार से मुरार सदर बाजार और 7 नंबर चौराहा तक अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की। अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए तथा नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर (मध्य/यातायात) सुजावल जग्गा तथा उप पुलिस अधीक्षक यातायात अजीत सिंह चौहान के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। थाना यातायात गोला का मंदिर प्रभारी निरीक्षक अभिषेक रघुवंशी ने पुलिस बल और नगर निगम की टीम के साथ संयुक्त रूप से अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान सड़क पर लगाए गए फल-सब्जी के ठेले, दुकानों के बाहर रखा सामान, फुटपाथ और सड़क किनारे बनी अस्थायी दुकानें तथा गुमठियां हटाई गईं। साथ ही नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े 17 वाहनों (कार, ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल) के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए ₹8,500 का समन शुल्क वसूला गया।

अभियान के बाद अग्रसेन बाजार, मुरार सदर बाजार और 7 नंबर चौराहा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ तथा आम नागरिकों को जाम और आवागमन की समस्या से राहत मिली। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों