गरियाबंद पुलिस का जुआरियों पर बड़ा एक्शन, राजिम में 6 आरोपी गिरफ्तार, ₹1.18 लाख की सामग्री जब्त
गरियाबंद। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने जुआरियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना राजिम क्षेत्र में अवैध जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से छह जुआरियों को गिरफ्तार कर नगदी, मोबाइल फोन और ताश की गड्डी सहित कुल ₹1,18,600 की सामग्री जब्त की है।

पुलिस कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोला वर्मा (36 वर्ष), संतोष साहू (39 वर्ष), लीलाराम मारकण्डे (39 वर्ष), संतोष यादव (45 वर्ष), गजेश साहू (37 वर्ष) और गुलाब साहू (40 वर्ष) के रूप में हुई। सभी आरोपी ग्राम तरीघाट, थाना राजिम, जिला गरियाबंद के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹78,600 नगद, 4 मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹40,000) तथा 52 पत्ती ताश बरामद की। जब्त सामग्री का कुल मूल्य ₹1,18,600 बताया गया है।

गरियाबंद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
