4 टन बिजली वायर चोरी का बड़ा खुलासा, राजनांदगांव पुलिस ने ₹18.50 लाख की संपत्ति के साथ 2 आरोपियों को दबोचा

0
766072288_1459187672912111_625215318335536205_n

राजनांदगांव। राजनांदगांव पुलिस ने 33 केवी बिजली एल्युमिनियम वायर चोरी के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹18.50 लाख मूल्य की चोरी की संपत्ति और घटना में प्रयुक्त मिनी ट्रक बरामद किया है। इस कार्रवाई को तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को ग्राम दीवानभेड़ी स्थित एक साइट से लगभग 4 टन 33 केवी एल्युमिनियम बिजली वायर, जिसकी कीमत करीब ₹10.50 लाख थी, चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले में अपराध क्रमांक 309/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज के आधार पर चोरी में इस्तेमाल किए गए अशोक लेलैंड मिनी ट्रक (CG 04 QJ 0363) की पहचान की गई।

जांच के दौरान सूचना मिली कि आरोपी चोरी की वायर बेचने के लिए बिलासपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब 4 टन एल्युमिनियम वायर तथा घटना में प्रयुक्त मिनी ट्रक जब्त किया गया।

बरामद सामग्री में ₹10.50 लाख कीमत की बिजली वायर और लगभग ₹8 लाख मूल्य का मिनी ट्रक शामिल है। इस तरह कुल ₹18.50 लाख की संपत्ति जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. हसरत खान (22 वर्ष) और महफूज खान (23 वर्ष) निवासी भनपुरी, रायपुर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ धारा 303(2), 317(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों