अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, कांकेर पुलिस ने महाराष्ट्र से दबोचा

0

कांकेर। कांकेर जिले की बान्दे थाना पुलिस ने अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र निवासी आरोपी को भानुप्रतापपुर बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से मामले में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर थाना बान्दे में आरोपी ब्रोजेन पाल और सागर काले के खिलाफ अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में अपराध क्रमांक 50/2026 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(3), 77, 79 तथा आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी श्री कुलदीप बंजारे के पर्यवेक्षण में फरार आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई गई। लगातार पतासाजी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी भानुप्रतापपुर बस स्टैंड पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर महाराष्ट्र के परभणी जिले के निवासी सागर काले (29 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्रकरण से संबंधित मोबाइल फोन जब्त किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में कांकेर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों