सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन पड़ा भारी, ग्वालियर पुलिस ने नाबालिग से 315 बोर का अवैध हथियार किया जब्त
ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस ने अवैध हथियार रखने और सोशल मीडिया पर उनका प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर की अवैध अधिया, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह (IPS) के निर्देश पर जिलेभर में अवैध हथियार रखने और उनकी खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना गिजोर्रा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम किरोल का एक युवक अवैध हथियार रखता है और उसके वीडियो सोशल मीडिया पर भी अपलोड करता है।
सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जयराज कुबेर एवं एसडीओपी डबरा सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक उपेन्द्र सिंह धाकड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। ग्राम ऐती पुलिया के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से 315 बोर की अधिया और जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। जांच में आरोपी के बाल अपचारी होने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस तथा काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (MP07-MT-8218) जब्त कर थाना गिजोर्रा में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि बाल अपचारी पहले भी अवैध हथियार के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर चुका है। पुलिस अब हथियार के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक उपेन्द्र सिंह धाकड़, प्रधान आरक्षक गिरीश पाल, मुकेश सिंह, राजेन्द्र तथा आरक्षक रीतेश, जितेन्द्र, पवन राठौर, मनोज और ऋषि की सराहनीय भूमिका रही।
