ज्ञानेश्वरी यादव ने बेटियों से साझा की संघर्ष से सफलता तक की कहानी, कहा- मेहनत और अनुशासन से हर सपना हो सकता है पूरा
राजनांदगांव। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव ने राजनांदगांव पुलिस द्वारा आयोजित ‘Felicitation & Interaction Session for Girls & Women’ में छात्राओं और महिलाओं से संवाद करते हुए अपनी संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की।

ज्ञानेश्वरी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था। बचपन से ही कई चुनौतियों का सामना करते हुए उन्होंने अनुशासन, निरंतर मेहनत और मानसिक मजबूती को अपनी सफलता का आधार बनाया। मुश्किल परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य से पीछे न हटने का जज्बा उनके सफर में सबसे महत्वपूर्ण रहा।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने माता-पिता के भरोसे और सहयोग को भी अपनी सफलता का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि जब लक्ष्य बड़ा हो तो परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, दृढ़ इच्छाशक्ति और लगातार प्रयास इंसान को मंजिल तक पहुंचा सकते हैं।
ज्ञानेश्वरी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा लहराते देखने के अनुभव को भी साझा किया। उनकी कहानी सुनकर कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं और महिलाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास देखने को मिला।
राजनांदगांव पुलिस का मानना है कि संघर्ष से सफलता तक पहुंचने वाली ऐसी प्रेरणादायक कहानियां हजारों बेटियों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित कर सकती हैं। ज्ञानेश्वरी यादव का संदेश भी साफ रहा—अगर कोई और कर सकती है, तो आप भी कर सकती हैं।







