गरियाबंद पुलिस की सख्ती, शराब पीकर पर्यटन स्थल जाने वाले वाहन चालकों पर होगी कार्रवाई, 3 बाइक सवार पकड़े गए

0
766304810_1481481394011851_7299197303011042216_n

गरियाबंद। जिले के पर्यटन स्थलों पर शराब का सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ गरियाबंद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस लगातार विशेष चेकिंग अभियान चला रही है।

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर यातायात पुलिस ने चिंगरापगार तिराहा के पास विशेष चेकिंग पॉइंट लगाया। इस दौरान आने-जाने वाले वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई।

जांच के दौरान 3 मोटरसाइकिल चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाए गए। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान संबंधित वाहनों को जब्त कर आगे की प्रक्रिया के लिए न्यायालय भेजने की कार्रवाई की गई।

गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्यटन स्थलों पर शराब का सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि नशे की हालत में वाहन चलाना चालक के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जिंदगी के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।

पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि शराब या किसी भी प्रकार के नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं। सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों की जिंदगी को भी खतरे में न डालें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों