ग्वालियर में आधी रात पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, 190 वारंटी गिरफ्तार; 252 गुंडे-हिस्ट्रीशीटरों की हुई चेकिंग
ग्वालियर। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने और आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए ग्वालियर पुलिस ने देर रात बड़े स्तर पर कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर 9 और 10 अगस्त की दरमियानी रात शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस की टीमें सक्रिय रहीं।

अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 190 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें 92 स्थाई वारंटी और 98 गिरफ्तारी वारंटी शामिल रहे। इसके अलावा पुलिस ने 252 गुंडे और हिस्ट्रीशीटरों की भी चेकिंग की।
शहर से गांव तक देर रात चला कॉम्बिंग अभियान
कॉम्बिंग गश्त के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा, सुमन गुर्जर, डॉ. शिवेश सिंह बघेल और जयराज कुबेर सहित जिले के राजपत्रित अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की।

पुलिस टीमों ने फरार बदमाशों, वारंटियों, गुंडों, हिस्ट्रीशीटरों और जिला बदर आरोपियों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों और मौजूदगी की जांच की। इसके साथ ही बैंक, एटीएम, होटल, लॉज, धर्मशाला और ढाबों की भी चेकिंग की गई।
संदिग्ध वाहनों पर भी पुलिस की नजर
अभियान के दौरान संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की जांच की। मुंह बांधकर दोपहिया वाहन चलाने वाले संदिग्ध लोगों को भी रोककर पूछताछ और जांच की गई।

पुलिस ने 128 गुंडों और 124 हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग कर उनके रिकॉर्ड को भी अपडेट किया। इस दौरान कई सक्रिय बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।

अपराधियों को दी सख्त चेतावनी
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने जेल से रिहा होकर आए आरोपियों की भी जांच की। पुलिस टीमों ने गुंडे-बदमाशों और जिला बदर आरोपियों के घर जाकर उनकी जानकारी ली तथा उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों में पुलिस का भय पैदा करना और आम नागरिकों के बीच सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है। ग्वालियर पुलिस ने संकेत दिया है कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
