ग्वालियर की सड़कों पर गूंजा ‘वंदे मातरम’, 500 पुलिसकर्मियों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा; SSP ने दिया देशभक्ति का संदेश
ग्वालियर। स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभर में चल रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत ग्वालियर पुलिस ने देशभक्ति से सराबोर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में करीब 500 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तिरंगा लेकर शहर की सड़कों पर निकले और राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

यह राष्ट्रव्यापी अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में 10 अगस्त को ग्वालियर पुलिस कंट्रोल रूम से तिरंगा यात्रा की शुरुआत हुई।
तिरंगे के साथ सड़कों पर निकली ग्वालियर पुलिस
तिरंगा यात्रा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जयराज कुबेर, डीएसपी यातायात अजीत सिंह चौहान, रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
पुलिसकर्मी मोटरसाइकिल, स्कूटी, थाना मोबाइल, जिप्सी और अन्य पुलिस वाहनों के साथ यात्रा में शामिल हुए। हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों से ग्वालियर की सड़कें राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगी नजर आईं।

शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा पुलिस कंट्रोल रूम से शुरू होकर राजमाता तिराहा, तानसेन तिराहा, आकाशवाणी, गोला का मंदिर, 7 नंबर चौराहा, मुरार, बारादरी, ठाठीपुर, परशुराम चौराहा, वीसी बंगला और हेल्थ सेंटर होते हुए वापस पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर आम नागरिकों ने तालियां बजाकर पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
‘तिरंगा देश की एकता और गौरव का प्रतीक’
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज का सम्मान करते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों की भावना के साथ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में भाग लेना चाहिए।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अभियान में उत्साहपूर्वक शामिल हों, अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।
ग्वालियर पुलिस की यह तिरंगा यात्रा न केवल पुलिस बल के बीच देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनी, बल्कि शहरवासियों को भी स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दे गई।
