ग्वालियर में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन, ब्लैक फिल्म-हूटर और VIP नंबर प्लेट पर चला अभियान; 206 वाहनों के चालान
ग्वालियर। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस मुख्यालय के विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान के तहत ग्वालियर यातायात पुलिस ने ब्लैक फिल्म, पदनाम वाली नंबर प्लेट, अवैध बत्ती और हूटर लगे वाहनों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की।

यह अभियान अगस्त 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर (मध्य/यातायात) सुजावल जग्गा (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक यातायात अजीत सिंह चौहान के मार्गदर्शन में चलाया गया।
शहरभर में लगाए गए चेकिंग पॉइंट
विशेष अभियान के दौरान ग्वालियर के तीनों यातायात थाना प्रभारियों ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग पॉइंट लगाए। पुलिस टीमों ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच की और विशेष रूप से ब्लैक फिल्म, पदनाम वाली नंबर प्लेट, अवैध लाइट और हूटर लगे वाहनों पर कार्रवाई की।
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

206 वाहनों के चालान, ₹1.39 लाख वसूले
विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान के तहत यातायात पुलिस ने कुल 206 वाहनों के चालान काटे। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों से कुल ₹1,39,400 का समन शुल्क वसूल किया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क पर अनुशासन कायम करना और ऐसे उपकरणों के अनधिकृत इस्तेमाल पर रोक लगाना है, जिनसे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

वाहन चालकों से पुलिस की अपील
ग्वालियर यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अवैध हूटर, ब्लैक फिल्म, अमानक या नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा अवैध बत्तियों का इस्तेमाल न करें। वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा।
