NH-53 पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ओडिशा से राजस्थान तक गांजा तस्करी की योजना नाकाम; 37.4 किलो गांजा और कार जब्त
महासमुंद। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत थाना कोमाखान पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में ओडिशा और राजस्थान से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37.400 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 18.70 लाख रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान तीन मोबाइल फोन समेत कुल करीब 18.95 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा के भवानी पटना से गांजा लेकर राजस्थान के कोटा में इसकी बिक्री करने की योजना बना रहे थे।

इसी दौरान NH-53 पर पुलिस की निगरानी और सघन चेकिंग के चलते तस्करों की गतिविधि पकड़ में आ गई। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन की जांच की और गांजे की खेप बरामद कर ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि तस्करी के लिए गांजे को वाहन में छिपाकर ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान तस्करी के नेटवर्क से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई से ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए दूसरे राज्यों तक मादक पदार्थ पहुंचाने वाले नेटवर्क पर प्रभावी चोट पहुंची है। पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय सीमा और NH-53 पर लगातार निगरानी और चेकिंग की जा रही है।
