नरसिंहपुर में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का सघन अभियान, 27 प्रकरण दर्ज; 79 लीटर से अधिक हाथ भट्टी मदिरा और 2,485 किलो महुआ लाहन जब्त

0

नरसिंहपुर। आबकारी आयुक्त के निर्देश और कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशन में नरसिंहपुर जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग ने सघन अभियान चलाया। अलग-अलग कार्रवाई में अवैध शराब के अड्डों पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में हाथ भट्टी मदिरा, देशी-विदेशी शराब और महुआ लाहन बरामद किया गया।

तीन दिनों में 23 प्रकरण, फिर 4 मामलों में भी कार्रवाई

विशेष अभियान के तहत नरसिंहपुर, गोटेगांव, करेली और गाडरवारा वृत्त में कार्रवाई करते हुए 61 लीटर हाथ भट्टी अवैध मदिरा, 1,885 किलोग्राम महुआ लाहन, 14.40 बल्क लीटर देशी मदिरा और 2.34 बल्क लीटर विदेशी मदिरा बरामद की गई। इस कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत 23 प्रकरण दर्ज किए गए।

इसके अतिरिक्त करेली वृत्त के अंतर्गत अवैध शराब के अड्डों पर दबिश देकर 18 लीटर हाथ भट्टी मदिरा, करीब 600 किलोग्राम महुआ लाहन और 55.08 बल्क लीटर देशी मदिरा जब्त की गई। इस कार्रवाई में 4 प्रकरण दर्ज किए गए। पकड़े गए एक आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

मदिरा दुकानों का भी सघन निरीक्षण

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ जिले की लाइसेंसी मदिरा दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में 10 मदिरा दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया। इनमें से 4 दुकानों से विदेशी मदिरा के नमूने लेकर गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला, जबलपुर भेजे गए। करेली क्षेत्र की दो दुकानों में भी निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की गई।

आबकारी अमले की रही महत्वपूर्ण भूमिका

प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. उइके के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सतीश कुमार, आबकारी उप निरीक्षक संजीव जैन, रतन सिंह धुर्वे और दीपाली भोजक सहित आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों और नगर सैनिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई का उद्देश्य अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना और मदिरा की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *