सड़क हादसों में घायलों की जान बचाने वाले 5 राहवीरों का सम्मान, प्रत्येक को मिले 25 हजार रुपये
बलौदाबाजार। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद कर समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने वाले पांच राहवीरों को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित किया। राहवीर योजना के तहत सभी सम्मानित नागरिकों को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
सम्मान पाने वालों में कसडोल निवासी विष्णु साहू, सिमगा निवासी पुनीत राम, परदेशी राम सोनकर और मनीष निषाद तथा हथबंद निवासी लोकेश साहू शामिल हैं।
इन नागरिकों ने सड़क दुर्घटनाओं के बाद मौके पर पहुंचकर घायलों की स्थिति को समझते हुए उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। उनकी तत्परता के कारण घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकी और उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
अधिकारियों ने राहवीरों के मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाना अत्यंत पुण्य और अनुकरणीय कार्य है। ऐसे प्रयास समाज में दूसरों की मदद करने की भावना को मजबूत करते हैं।
राहवीर योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के बाद घायलों की तत्काल मदद करने वाले आम नागरिकों को प्रोत्साहित करना है, ताकि अधिक से अधिक लोग बिना किसी भय के दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आएं।
