रतलाम में 106 किलो डोडाचूरा की बड़ी खेप पकड़ी, बिलपांक पुलिस ने कंटेनर समेत 2 आरोपियों को दबोचा
रतलाम। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत थाना बिलपांक पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 106.47 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में कंटेनर सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार सातरूंडा क्षेत्र में नारंगी रंग के कंटेनर की जांच के दौरान डोडाचूरा की यह खेप बरामद हुई। कार्रवाई में मोहनलाल माली और प्रेमचन्द धाकड़ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा कंटेनर क्रमांक NL01AA6956 भी जब्त कर लिया है।
बरामद डोडाचूरा और वाहन समेत कुल जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने डोडाचूरा नीमच से अनिल सिंह राजपूत से प्राप्त करना बताया है।
पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश के साथ डोडाचूरा के सप्लायर और संभावित खरीदारों के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। मामले में थाना बिलपांक में अपराध क्रमांक 548/2026 दर्ज कर धारा 8/15 NDPS एक्ट के तहत विवेचना शुरू की गई है।
मादक पदार्थों की इस बड़ी खेप की बरामदगी को पुलिस की नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
