कांकेर पुलिस के 58 अधिकारी-कर्मचारियों को केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक, नक्सल विरोधी अभियान में वीरता के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान
कांकेर जिला पुलिस के 58 अधिकारी-कर्मचारियों को नक्सल विरोधी अभियानों में अदम्य साहस, उत्कृष्ट रणनीति और कर्तव्यनिष्ठा के लिए भारत सरकार द्वारा प्रतिष्ठित “केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान कांकेर पुलिस और जिले के सुरक्षा बलों के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

यह राष्ट्रीय सम्मान थाना छोटेबेठिया क्षेत्र के कलपर-हापाटोला में संचालित नक्सल विरोधी अभियान के दौरान प्रदर्शित वीरता और उत्कृष्ट कार्रवाई के लिए प्रदान किया गया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गए थे, जिन पर कुल 1 करोड़ 80 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
सम्मानित होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आई. कल्याण एलिसेला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर डॉ. प्रशांत शुक्ला और एसडीओपी पखांजूर रवि कुमार कुजूर सहित जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स के कुल 58 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।
इस उपलब्धि पर पुलिस रक्षित केंद्र कांकेर में पदक विजेता अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान किया गया। पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीश्रीमाल ने सभी सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान कांकेर पुलिस के लिए गर्व का विषय है और नक्सल विरोधी अभियानों में तैनात जवानों के मनोबल को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। यह उपलब्धि सुरक्षा बलों की रणनीतिक क्षमता, टीमवर्क और राष्ट्रसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
कांकेर पुलिस ने सभी पदक विजेता अधिकारी-कर्मचारियों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया है।
