गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 11 मामलों में जब्त 1 क्विंटल 64.919 किलो गांजा और 50 नशीली टेबलेट का किया गया नष्टीकरण
गरियाबंद। जिले में विभिन्न अपराध प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए गरियाबंद पुलिस ने बड़ी मात्रा में गांजा और नशीली टेबलेट का नष्टीकरण कराया। 11 प्रकरणों में जब्त कुल 1 क्विंटल 64.919 किलोग्राम गांजा और एक प्रकरण में जब्त 50 नशीली टेबलेट को नारकोटिक डिस्पोजल केन्द्र, सिलतरा रायपुर में नष्ट किया गया।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर हुई कार्रवाई
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज रायपुर के निर्देश के परिपालन में 18 सितंबर 2026 को यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक गरियाबंद वेदव्रत सिरमौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करण कुमार उइके एवं पुलिस अधीक्षक गरिमा दादर के निर्देशन में डीसीबी/डीसीआरबी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक टूकान लाल नवरत्न को इस कार्रवाई के लिए नामांकित किया गया था।
जिले के कुल 12 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को नष्टीकरण के लिए नारकोटिक डिस्पोजल केन्द्र सिलतरा रायपुर भेजा गया था।

6 थानों के 11 प्रकरणों में जब्त था गांजा
ड्रग्स डिस्पोजल समिति के समक्ष गरियाबंद जिले के विभिन्न थानों के 11 प्रकरणों में जब्त गांजे का विधि पूर्वक नष्टीकरण किया गया। इनमें सिटी कोतवाली गरियाबंद का 1, मैनपुर के 2, देवभोग के 2, पाण्डुका का 1, राजिम के 2 और फिंगेश्वर के 3 प्रकरण शामिल हैं।
इन सभी 11 प्रकरणों में कुल 1 क्विंटल 64.919 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था। इसके अलावा थाना पाण्डुका के एक प्रकरण में जब्त 50 नग नशीली टेबलेट को भी नियमानुसार नष्ट किया गया।

गरियाबंद पुलिस ने पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत ड्रग्स डिस्पोजल समिति की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई विधि सम्मत तरीके से पूरी की।
