कोयंबटूर में पुलिसकर्मी का फिल्मी अंदाज, चलती कार की छत पर 40 किमी तक डटे रहे हेड कॉन्स्टेबल वेलमुरुगन

0
825340818_1594772729329648_1558001798504264066_n

कोयंबटूर। तमिलनाडु के कोयंबटूर में प्रतिबंधित गुटखा तस्करों को पकड़ने के दौरान हेड कॉन्स्टेबल वेलमुरुगन ने ऐसा साहस दिखाया, जिसने इस पूरे घटनाक्रम को चर्चा में ला दिया। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध कार के भागने पर वेलमुरुगन चलती कार की छत पर कूद गए और रूफ रेल को पकड़कर करीब 40 किलोमीटर तक तस्करों का पीछा करते रहे।

जांच के दौरान पुलिस को धक्का देकर भागे आरोपी

पुलिस के अनुसार, कोविलपालयम थाना क्षेत्र में हेड कॉन्स्टेबल वेलमुरुगन और असिस्टेंट इंस्पेक्टर विग्नेश वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान कर्नाटक नंबर की एक संदिग्ध लक्जरी कार को रोका गया। कार के पिछले हिस्से में रखी बोरियों की तलाशी लेने की कोशिश की गई तो आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और कार के दरवाजे लॉक कर तेज रफ्तार में भागने लगे।

चलती कार की छत पर कूदे हेड कॉन्स्टेबल

कार को भागता देख हेड कॉन्स्टेबल वेलमुरुगन ने तुरंत कार्रवाई की और चलती कार की छत पर छलांग लगा दी। उन्होंने कार की रूफ रेल को मजबूती से पकड़ लिया। इसके बाद तस्कर तेज रफ्तार में कार भगाते रहे, जबकि वेलमुरुगन छत पर डटे रहे। पुलिस और अन्य सहयोगी टीमों ने भी वाहन का पीछा जारी रखा और रास्ते के पुलिस थानों को अलर्ट किया।

250 किलो से ज्यादा गुटखा बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

लगभग 40 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस टीम ने तिरुपुर के अविनाशी रोड पर कार को घेरकर रोक लिया। पुलिस के अनुसार, वाहन से 250 किलोग्राम से अधिक प्रतिबंधित गुटखा बरामद किया गया। मामले में राजस्थान निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम के साथ NHAI एम्बुलेंस कर्मियों ने भी सहयोग किया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने की हेड कॉन्स्टेबल की सराहना

घटना के बाद तमिलनाडु के DGP डॉ. महेश कुमार अग्रवाल समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने हेड कॉन्स्टेबल वेलमुरुगन की सूझबूझ, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद लोग वेलमुरुगन के साहस की तारीफ कर रहे हैं। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें सम्मानित करने और आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन देने की मांग भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों