तलवार से केक काटना पड़ा महंगा, युवक गिरफ्तार—बलौदाबाजार में वायरल वीडियो पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

0
baloda bazaar

बलौदाबाजार (छत्तीसगढ़)। जिले के गिधपुरी थाना अंतर्गत सुंदरावन गांव में जन्मदिन समारोह के दौरान एक युवक द्वारा तलवार से केक काटने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

आरोपी की पहचान मनीष चतुर्वेदी के रूप में हुई है, जिसने सार्वजनिक सड़क पर अपने दोस्तों की मौजूदगी में तलवार से केक काटा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पोस्ट किया गया, जो तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो को आधार बनाकर पुलिस ने जांच की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

सार्वजनिक स्थान पर हथियारों का प्रदर्शन कानूनन अपराध: पुलिस

मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अभिषेक सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराना या उसका उपयोग करना कानून का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में पुलिस की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर दिखावे के लिए युवा ऐसी गतिविधियों में शामिल हो जाते हैं, जो अंततः उनके लिए परेशानी का कारण बनती हैं।

हाईकोर्ट पहले ही दे चुका है सख्त निर्देश

गौरतलब है कि इससे पहले बलरामपुर जिले में भी एक अधिकारी की पत्नी द्वारा सड़क पर केक काटने का मामला सामने आया था, जिस पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य के मुख्य सचिव को नोटिस जारी किया था और पूछताछ की थी कि इस विषय में क्या कार्रवाई की गई है।

युवाओं को चेतावनी—सोशल मीडिया के लिए कानून न तोड़ें

पुलिस प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने की होड़ में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी हरकत न करें। कानून का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों