“वो समझे पिकनिक है… पुलिस ने बता दिया ये जुर्म है!”

बरसात के बीच कोरी डेम और घोंघा जलाशय क्षेत्र में हुड़दंग और नशे में स्टंट करने वालों पर बिलासपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई। 16 के खिलाफ मामला दर्ज, चेतावनी के साथ मुनादी भी।

img_0612.jpg

बिलासपुर, 27 जुलाई 2025।

बरसात के मौसम में जहां एक ओर नदी-नालों में जलभराव लोगों के लिए खतरा बन रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग नशे में हुड़दंग मचाकर अपनी और दूसरों की ज़िंदगी खतरे में डाल रहे हैं। इसी को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर बिलासपुर पुलिस ने ‘चेतना – विरुद्ध नशा व प्रहार’ अभियान के तहत कोरी डेम और घोंघा जलाशय क्षेत्र में विशेष कार्रवाई की।

शनिवार को चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने और स्टंट करने वालों पर सख्ती दिखाई। कुल 16 लोगों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। सभी आरोपी तेज़ रफ्तार में बाइकों से स्टंट कर रहे थे और कुछ तो नशे में झूमते हुए पब्लिक प्लेस पर हुड़दंग मचा रहे थे।

लाउडस्पीकर से मुनादी: जीवन की सुरक्षा की अपील

कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस ने कोरी डेम के आसपास लाउडस्पीकर से मुनादी कर लोगों को चेताया कि नदी और डेम में जलस्तर बढ़ा हुआ है, तेज बहाव है, और इस मौसम में स्नान या तैराकी बेहद ख़तरनाक हो सकती है। खासतौर पर बच्चों को पानी से दूर रखने और शराब का सेवन न करने की अपील की गई।

अफसरों का सक्रिय मार्गदर्शन

इस अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अर्चना झा (रा.पु.से.) और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, कोटा नुपूर उपाध्याय (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में हुआ।

ग्राउंड पर तैनात रही सख्त टीम

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंग नवरंग, उप निरीक्षक मीना ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक गोपाल प्रसाद खांडेकर, शिव कुमार साहू, चंद्र प्रकाश पांडेय, एवं समस्त थाना स्टाफ सक्रिय रूप से मौजूद रहे। इन अधिकारियों ने न केवल आरोपियों पर कार्रवाई की, बल्कि मौके पर उपस्थित लोगों को समझाइश भी दी कि प्राकृतिक सौंदर्य स्थलों पर शांति बनाए रखें और लापरवाही से बचें।

पुलिस की अपील

बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पर्यटन स्थलों की शांति, आम नागरिकों की सुरक्षा और युवाओं को गलत आदतों से बचाने के लिए ‘चेतना – विरुद्ध नशा व प्रहार’ अभियान के तहत हर सप्ताह ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व कार्रवाई की जाएगी।

“बरसात में नदी-नालों का जलस्तर बहुत तेज़ी से बढ़ता है, ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा हो सकती है। साथ ही शराब सेवन कर वाहन चलाना न सिर्फ कानूनन अपराध है, बल्कि इससे किसी की भी ज़िंदगी खतरे में पड़ सकती है।”

रजनेश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर

हो सकता है आप चूक गए हों