छत्तीसगढ़ में ईडी की दबिश: सीजीएमसी के प्रमुख सप्लायर के ठिकानों पर छापेमारी
रायपुर में ईडी ने छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विस कॉर्पोरेशन लिमिटेड से जुड़े करीब 400 करोड़ के घोटाले की जांच के तहत मोक्षित कॉरपोरेशन के दफ्तर और निदेशकों के आवासों पर छापा मारा। कार्रवाई में कई अहम दस्तावेज जब्त हुए हैं।
रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CGMSCL) से जुड़े एक बड़े घोटाले की जांच के तहत मोक्षित कॉरपोरेशन के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई सुबह करीब छह बजे शुरू हुई और इसमें रायपुर स्थित कंपनी के कार्यालय समेत तीन आवासीय परिसरों को शामिल किया गया।
सूत्रों के अनुसार, यह छापा लगभग 400 करोड़ रुपये के घोटाले से जुड़े वित्तीय लेनदेन और दस्तावेजों की जांच को लेकर किया गया है। ईडी की टीम ने मोक्षित कॉरपोरेशन के निदेशक शशांक चोपड़ा, शरद चोपड़ा और सिद्धार्थ चोपड़ा से संबंधित परिसरों पर भी दस्तावेजी पड़ताल की। कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज एजेंसी के हाथ लगे हैं।
इस छापेमारी में दो दर्जन से अधिक अधिकारी शामिल हैं, जिन्होंने अलग-अलग टीमों में बंटकर एक साथ कई स्थानों पर दबिश दी। सुरक्षा के लिहाज से सीआरपीएफ के जवानों को भी तैनात किया गया है, जो ईडी की टीम के साथ मौजूद हैं।
पहले से चल रही है दो अन्य एजेंसियों की जांच
मोक्षित कॉरपोरेशन के खिलाफ इससे पहले भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की भी जांच चल रही है। इन एजेंसियों ने बीते छह महीनों में कंपनी के कार्यालय और निदेशकों के निवासों पर कार्रवाई करते हुए कई दस्तावेज जब्त किए थे।
