अंबिकापुर में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थिति में मिला ,मृतक के हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर करंट,मामले में मृतक की पहली पत्नी पर संदेह

बलरामपुर जिले के अधौरा गांव में एक अधेड़ व्यक्ति मनोज गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अर्धनग्न अवस्था में हाथ-पैर बंधे शव मिलने से हत्या की आशंका है। पारिवारिक विवाद, दूसरी शादी और संपत्ति विवाद को मुख्य कारण माना जा रहा है।

10880a0b-afc0-4f63-8ff7-d6d0d3dde973.jpg

अंबिकापुर/बलरामपुर। जिला मुख्यालय के पास स्थित अधौरा गांव में मंगलवार देर रात एक अधेड़ व्यक्ति का शव उसके ही घर में अर्धनग्न अवस्था में मिला। मृतक की पहचान 50 वर्षीय मनोज गुप्ता के रूप में हुई है। शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे, जिससे प्रारंभिक तौर पर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोज गुप्ता उस रात बलरामपुर में अपनी दूसरी पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहा था। इसी दौरान उसकी पहली पत्नी पार्वती गुप्ता ने उसे अधौरा गांव बुलाया, जहां पहले से उसकी बेटी और दामाद मौजूद थे।

आशंका है कि मनोज के गांव पहुंचने के बाद उसके हाथ-पैर बांध दिए गए। कुछ देर बाद बेटी और दामाद वहां से चले गए। आरोप है कि रात में पार्वती गुप्ता ने करंट देकर उसकी जान ले ली।

घटना की सूचना मिलते ही बलरामपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घर में मौजूद पार्वती गुप्ता ने खुद को अस्वस्थ बताया, जिसे बाद में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

परिवारिक विवाद और दूसरी शादी बन सकती है वजह

सूत्रों के अनुसार, मनोज गुप्ता ने लगभग दो वर्ष पहले एक युवती से दूसरी शादी की थी, जो पंडो जनजाति से है। युवती पहले उसके घर में रहकर पढ़ाई कर रही थी और इसी दौरान उनके बीच संबंध बने।

पहली पत्नी और बच्चों ने इस रिश्ते का विरोध किया था, जिसके चलते मनोज ने अधौरा छोड़कर बलरामपुर में रहना शुरू कर दिया था। बताया जा रहा है कि दूसरी पत्नी को सरकारी नौकरी भी मिल गई थी और मनोज उसके साथ वहीं रहने लगा था।

संपत्ति विवाद बना तनाव का कारण

पुलिस के अनुसार, मनोज ने संपत्ति का बड़ा हिस्सा पहली पत्नी और बच्चों के नाम कर दिया था। बावजूद इसके, उस पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था। पारिवारिक तनाव और आर्थिक विवाद को हत्या की बड़ी वजह माना जा रहा है।

पुलिस जांच जारी, कई खुलासों की संभावना

थाना प्रभारी भूपेंद्र साहू ने बताया कि मृतक का शव संदेहास्पद स्थिति में मिला है और शुरुआती जांच में करंट से मौत का अनुमान है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।

हो सकता है आप चूक गए हों