छात्रों को कुचलने वाला ट्रक चालक छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार, गड़चिरोली पुलिस का 48 घंटे का ऑपरेशन सफल
गड़चिरोली-आरमोरी मार्ग पर 7 अगस्त की सुबह हुए दर्दनाक हादसे में 6 छात्रों को कुचलने वाले ट्रक चालक और उसके क्लिनर को पुलिस ने छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। इस घटना में 4 छात्रों की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हुए थे। हादसे के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस ने लगातार 48 घंटे से अधिक समय तक अभियान चलाया।
गड़चिरोली जिला पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल के निर्देश पर पांच विशेष पथक गठित किए गए और नागपुर से फॉरेंसिक टीम बुलाकर जांच शुरू की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ट्रक को ट्रेस कर छत्तीसगढ़ में चालक प्रविण बालकृष्ण कोल्हे (26) निवासी चिचगड़, गोंदिया और क्लिनर सुनिल श्रीराम मारगाये (47) को हिरासत में लिया।
पुलिस की इस कार्रवाई में एसपी नीलोत्पल, एएसपी एम. रमेश, एएसपी गोकुल राज जी, एसडीपीओ सूरज जगताप, थाना प्रभारी विनोद चव्हाण और एलसीबी निरीक्षक अरुण फेगडे की टीम का अहम योगदान रहा। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
घटना में मृत छात्रों में टिंकू भोयर (14), तन्मय मानकर (16), सुशांत मेश्राम (14) और तुषार मारभते (14) शामिल हैं। घायल क्षितिज मेश्राम और आदित्य कोहपरे को एयरलिफ्ट कर नागपुर ले जाया गया था, जहां सर्जरी के बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। इस हादसे ने पूरे जिले में गुस्सा और आक्रोश पैदा कर दिया था।
