शादी का झांसा देकर नाबालिग का अपहरण व शोषण, आरोपी गिरफ्तार
जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर नाबालिग बालिका का अपहरण और शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी तेजराम निषाद (25) को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने बालिका को सुरक्षित परिजनों के हवाले किया। आरोपी पर बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं।
जशपुर। जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर नाबालिग बालिका का अपहरण और शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला 1 अगस्त 2025 का है, जब थाना कांसाबेल क्षेत्र के एक ग्राम निवासी ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी 17 वर्षीय बेटी अचानक घर से लापता हो गई है। परिजनों द्वारा रिश्तेदारों व आसपास के लोगों से खोजबीन की गई, लेकिन कोई पता नहीं चला। प्रार्थी ने संदेह जताया कि किसी ने उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा लिया है। शिकायत पर पुलिस ने तत्काल बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।
पुलिस की खोजबीन के दौरान 18 अगस्त को मुखबिर की सूचना और तकनीकी टीम की मदद से पता चला कि नाबालिग बालिका रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ क्षेत्र के एक ग्राम में आरोपी के साथ है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर अनिल कुमार सोनी के निर्देश पर कांसाबेल पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी तेजराम निषाद (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया और नाबालिग को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया गया।
पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी से उसकी पहचान फोन पर मिस कॉल से हुई थी, जिसके बाद बातचीत शुरू हुई। आरोपी ने शादी का प्रलोभन देकर उसे अपने साथ ले गया और शारीरिक शोषण किया। आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उस पर बीएनएस की धारा 64(1)(2)(ड़) व पॉक्सो एक्ट की धारा 06 जोड़ी गई। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कांसाबेल उप निरीक्षक सुनील सिंह, सहायक उप निरीक्षक राजेश यादव, नीता कुर्रे, महिला आरक्षक मधु मीणा और नगर सैनिक जोगेंद्र यादव की अहम भूमिका रही।
एएसपी जशपुर अनिल कुमार सोनी ने कहा कि “नाबालिग को बहलाकर भगाने और उसका शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। बालिका को सुरक्षित परिवार को सौंपा गया है।”
