हत्या की साजिश का पर्दाफाश: चचेरे भाई ने दी थी 60 हजार की सुपारी, दो आरोपी गिरफ्तार
जमीन विवाद की दुश्मनी ने खतरनाक मोड़ ले लिया। कोण्डागांव पुलिस ने हत्या की साजिश रचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि साजिश रचने वाला कोई और नहीं बल्कि पीड़ित का चचेरा भाई ही निकला।
कोण्डागांव।जमीन विवाद को लेकर उपजे पारिवारिक झगड़े ने हत्या की साजिश का रूप ले लिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर इस षड्यंत्र का पर्दाफाश किया है। मामला कोण्डागांव जिले का है, जहां चचेरा भाई ही अपने रिश्तेदार की हत्या करवाने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल और एसडीओपी रूपेश कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
कैसे खुली साजिश की परतें
20 अगस्त 2025 को चोरी के मामलों में संदिग्ध मो. मजहर अली खान को पुलिस ने हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान जब उसका मोबाइल चेक किया गया, तो उसमें दहिकोंगा निवासी राजकुमार बघेल के साथ चैटिंग में हत्या की योजना का खुलासा हुआ। इसमें साफ था कि पीड़ित कंवल सिंह बघेल (पेशा वकील) की हत्या की साजिश रची जा रही थी।
जब दोनों संदिग्धों से गहन पूछताछ की गई, तो राजकुमार बघेल ने स्वीकार किया कि उसका अपने चचेरे भाई कंवल सिंह बघेल से 2021 से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, जो न्यायालय में लंबित है। इसी रंजिश में उसने मजहर अली को ₹60,000 देकर हत्या की सुपारी दी थी।
आरोपी और पृष्ठभूमि
मो. मजहर अली खान, पिता मो. खलील, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम दहिकोंगा – स्थाई पता केलाबाड़ी दुर्ग, वार्ड 41, शास्त्री चौक। यह आरोपी पूर्व में भी दुर्ग और कोण्डागांव कोतवाली में कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। राजकुमार बघेल, पिता दासु राम बघेल, उम्र 41 वर्ष, निवासी ग्राम दहिकोंगा।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोण्डागांव में अपराध क्रमांक 284/2025, धारा 61(2), 55 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है। साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकारने पर पुलिस ने 21 अगस्त 2025 को दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
जांच टीम का योगदान
पूरे मामले का खुलासा थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, सउनि. राज कुमार कोमरा, प्र.आर. रोहित कोमरा, अजय बघेल, ऋतुराज सिंह, चंदन यादव और अनिल चौरे की संयुक्त मेहनत से हुआ।
