कबीरधाम पुलिस और 17वीं बटालियन CAF को मिले नए वाहन, गश्त और आपातकालीन कार्रवाई होगी और मजबूत
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रयासों से कबीरधाम पुलिस और 17वीं बटालियन CAF को नए वाहनों का आवंटन किया गया। 26 अगस्त 2025 को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह और सेनानी श्री कमलेश्वर चंदेल ने विभिन्न इकाइयों को वाहनों की चाबियाँ सौंपीं।
कबीरधाम, 26 अगस्त 2025।
प्रदेश की पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और सक्षम बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए, कबीरधाम पुलिस और 17वीं बटालियन छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) को नए वाहन उपलब्ध कराए गए। यह पहल मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से संभव हो पाई है।
नए वाहनों में कबीरधाम पुलिस को 12 बोलेरो गाड़ियाँ, 5 पेट्रोलिंग मोटरसाइकिलें, 2 बड़ी बसें, 1 छोटी बस और 1 यूटिलिटी वाहन प्राप्त हुए हैं। वहीं, 17वीं बटालियन CAF को 3 नई बोलेरो गाड़ियाँ आवंटित की गई हैं।
आज 26 अगस्त 2025 को नए पुलिस लाइन परिसर में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह और 17वीं वाहिनी के सेनानी श्री कमलेश्वर चंदेल ने जिले के विभिन्न थानों एवं राजपत्रित अधिकारियों को वाहनों की आवंटन चाबियाँ सौंपीं। इसी अवसर पर 17वीं बटालियन CAF को भी औपचारिक रूप से वाहन प्रदान किए गए।

पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि इन नए वाहनों से गश्त व्यवस्था मजबूत होगी, अपराध नियंत्रण की क्षमता बढ़ेगी, आपातकालीन स्थितियों में त्वरित कार्रवाई संभव होगी तथा शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पुलिस की पहुँच और अधिक प्रभावी होगी।
वहीं, 17वीं बटालियन के सेनानी श्री चंदेल ने कहा कि इन वाहनों से बल की परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। आधुनिक साधनों के सहयोग से बल किसी भी चुनौती का सामना करने और दूरस्थ व संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में सक्षम होगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल, श्री पंकज पटेल, 17वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट श्री प्रमोद गुप्ता, जिले के सभी डीएसपी, थाना प्रभारी, रक्षित निरीक्षक और एमटीओ भी मौजूद रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वाहनों का निरीक्षण किया और तत्पश्चात उन्हें संबंधित इकाइयों के लिए रवाना किया गया।
