बालोद पुलिस ने जब्त 30 लाख से अधिक मूल्य के नशीले पदार्थ जलाए, 23 प्रकरणों में कार्रवाई
बालोद। जिले में जब्त किए गए नशीले पदार्थों को विधि अनुसार नष्ट करने की कार्रवाई की गई। पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ के आदेश क्रमांक पुमु/अवि/नारकोटिक्स प्रकोष्ठ/जी-61/2024, दिनांक 19.12.2024 के तहत जिला स्तरीय मादक पदार्थ निपटान समिति का गठन किया गया था। इसी क्रम में 01 सितंबर 2025 को जिला बालोद की समिति द्वारा कुल 23 प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का नष्टिकरण किया गया।

इस कार्रवाई में गांजा 296.623 किलोग्राम तथा 26,082 नग नशीली दवाइयों को मिलाकर लगभग ₹30,38,090 मूल्य के नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया।
जिला स्तरीय समिति की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल ने की। समिति में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, जिला आबकारी अधिकारी श्री योगेश्वर कुमार द्विवेदी तथा प्रतिनिधि श्रीमती समिधा पांडे (ADEO) सदस्य के रूप में उपस्थित रहीं।

समस्त कार्रवाई पंचों की उपस्थिति में दुर्ग जिले के भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस-3 परिसर, थाना भिलाई भट्टी क्षेत्र में विधिवत दहन कर संपन्न कराई गई।
जिला पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के विरुद्ध “शून्य सहनशीलता” की नीति पर कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।
