गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बाइक चोरी के दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, दो मोटरसाइकिल जब्त

0
23 sept 1

गरियाबंद जिले की मैनपुर पुलिस ने लगातार गश्त के दौरान दो आदतन अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने दबनई नाला के पास संदिग्ध स्थिति में खड़े एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को देखकर रोकने की कोशिश की। वाहन चालक और पीछे बैठे युवक भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान ननचू उर्फ फलेश्वर उर्फ फनेश्वर बघेल, निवासी गरियाबंद, और शुभम सोनी, निवासी रायपुर के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों कोई भी वाहन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए और अंततः चोरी की मोटरसाइकिल होने की बात स्वीकार की। आगे की कार्रवाई में उनकी निशानदेही पर एक और चोरी की बाइक सिकासेर चौक से बरामद की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 111(2)(ख)(7), 3(5) सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। दोनों के पास से कुल दो मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हैं। ननचू उर्फ फलेश्वर पर गरियाबंद और रायपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। वहीं शुभम सोनी के खिलाफ भी रायपुर के पुरानी बस्ती और पंडरी थानों में आगजनी, तोड़फोड़ और लापरवाह वाहन संचालन से जुड़े मामले पंजीबद्ध हैं।

इस कार्रवाई में मैनपुर पुलिस की सतर्कता और त्वरित घेराबंदी की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अपराधियों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके और आमजन को सुरक्षित माहौल मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों