गरियाबंद पुलिस का ‘ऑपरेशन निश्चय’: गांजा-शराब कारोबारियों पर तड़के दबिश, 73 आरोपी गिरफ्तार
गरियाबंद जिले में पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए शुक्रवार तड़के ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत व्यापक अभियान चलाया। रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सुबह 5 बजे से जिलेभर में दबिश दी गई।

इस विशेष अभियान में कुल 33 टीमों को लगाया गया, जिन्होंने अलग-अलग 52 से अधिक संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। अभियान का मुख्य उद्देश्य नशे का सामान बेचने वाले और अवैध शराब कारोबार में शामिल लोगों पर कार्रवाई करना था।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई में 5 आरोपियों को गांजा बेचते हुए गिरफ्तार किया गया और उनके पास से कुल 6.450 किलोग्राम गांजा जब्त हुआ। इसके अलावा 30 लोगों को अवैध शराब बिक्री के आरोप में पकड़ा गया और उनके कब्जे से 283.610 लीटर शराब जब्त की गई।

इसी दौरान 38 ऐसे लोगों पर भी कार्रवाई की गई, जो शांति व्यवस्था को बाधित कर सकते थे। इनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। साथ ही अभियान में एक स्थायी वारंटी को भी तामील किया गया।

पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन निश्चय’ आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि जिले में असामाजिक तत्वों और अवैध कारोबारियों को किसी तरह की गुंजाइश न मिले और आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में जीवनयापन कर सकें।
