मुंगेली पुलिस की ‘पहल’ अभियान: स्कूल में स्वच्छता और पौधरोपण कर दिया संदेश
मुंगेली पुलिस ने ‘पहल’ अभियान के तहत समाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। यह आयोजन जरहागांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेमरसेल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया गया, जिसका नेतृत्व पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में हुआ।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। थाना प्रभारी नंदलाल पेकड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम, शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने मिलकर स्कूल परिसर की सफाई की और पौधरोपण किया।

थाना प्रभारी ने विद्यालय को छायादार पौधों का उपहार भी दिया और विद्यार्थियों को समझाया कि पेड़-पौधों का संरक्षण हमारे भविष्य और पर्यावरण दोनों के लिए बेहद ज़रूरी है।

इस दौरान महिला आरक्षक बबिता श्रीवास ने भी पौधरोपण के महत्व पर जोर दिया और सभी से अपील की कि वे अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। वहीं पुलिस के ‘बाल मित्र’ रोशना डेविड ने छात्रों से कहा कि जिस तरह हम अपने घर को साफ रखते हैं, उसी तरह विद्यालय भी हमारा शिक्षा मंदिर है और स्वच्छ वातावरण में ही उत्तम शिक्षा संभव है।

यह कार्यक्रम मुंगेली पुलिस की सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता और समुदाय के साथ मजबूत संबंधों का प्रतीक है। इस तरह की पहलें बच्चों और समाज दोनों के लिए प्रेरणादायी साबित हो रही हैं।
