कवर्धा पुलिस ने छुईखदान ज्वेलरी चोरी के आरोपी को पकड़ा, 6 लाख के चांदी के जेवर बरामद
कवर्धा। जिले की छुईखदान थाना पुलिस ने ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए करीब 6 लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं।
मामला थाना छुईखदान क्षेत्र के अंतर्गत एक ज्वेलरी दुकान से जुड़ा है, जहां से अज्ञात चोरों ने बीते दिनों रात के समय दुकान का ताला तोड़कर बड़ी मात्रा में चांदी के जेवर चोरी कर लिए थे। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री धर्मेंद्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, तकनीकी निगरानी और मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए सभी चांदी के आभूषण बरामद कर लिए।
पूछताछ में आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार किया तथा बताया कि उसने एक बाल अपचारी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया और बाल अपचारी को बाल संप्रेक्षण गृह रवाना किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने इस सराहनीय कार्य के लिए पूरी जांच टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जिले में चोरी, लूटपाट जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
