बीजापुर में 3 इनामी समेत 8 नक्सली गिरफ्तार, विस्फोटक सामग्री बरामद

0

बीजापुर। जिले में पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना बसागुड़ा क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई के दौरान 3 इनामी नक्सलियों समेत कुल 8 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। इन नक्सलियों पर कुल ₹3 लाख का इनाम घोषित था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनके पास से विस्फोटक सामग्री, डेटोनेटर और नक्सल प्रचार सामग्री भी बरामद की है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ नक्सली बसागुड़ा थाना क्षेत्र के जंगलों में सक्रिय हैं और सुरक्षा बलों पर हमला करने की फिराक में हैं। इस सूचना पर डीआरजी, सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम ने विशेष सर्च अभियान चलाया।

अभियान के दौरान जंगल के भीतर संदिग्ध गतिविधियों को देखकर जवानों ने इलाके को घेर लिया। मौके से 8 संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया, जिनकी पहचान बाद में सक्रिय नक्सलियों के रूप में हुई। इनमें से तीन पर सरकार ने इनाम घोषित किया था।

गिरफ्तार नक्सलियों के कब्जे से विस्फोटक सामग्री, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, तार, बैटरी, नक्सली बैनर और पर्चे बरामद किए गए हैं। पूछताछ में उन्होंने अपने संगठन और विभिन्न नक्सली घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

बीजापुर पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र यादव (भा.पु.से.) ने बताया कि नक्सल उन्मूलन के लिए जिले में लगातार सर्च अभियान और कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस का लक्ष्य है कि जंगलों में छिपे नक्सलियों को मुख्यधारा में लाया जाए और क्षेत्र को पूरी तरह नक्सल मुक्त बनाया जाए।

पुलिस ने गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही अभियान को आगे और तेज करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों