गरियाबंद पुलिस की कार्रवाई — अवैध पशु परिवहन और क्रूरता करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 19 कृषक पशु जप्त
गरियाबंद। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशानुसार अवैध पशु परिवहन एवं पशुओं पर क्रूरता करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई के तहत थाना देवभोग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 14 अक्टूबर 2025 को देवभोग पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो कृषक पशुओं (बैल) को अवैध रूप से बूचड़खाने की ओर ले जा रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बिना भोजन-पानी दिए बैलों को क्रूरता पूर्वक मारते-पीटते हुए परिवहन कर रहे हैं। इस पर थाना देवभोग पुलिस टीम तत्काल रवाना होकर ग्राम डोहेल (BHN स्कूल के पास) पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मण मेहरा पिता मोहन मेहरा (50 वर्ष) और हरि मेहरा पिता सनाधर मेहरा (46 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मेदना घाटीगुड़ा, थाना दबगांव, जिला नवरंगपुर (ओडिशा) के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 19 कृषक पशु (बैल) जप्त किए — जिनमें लक्ष्मण मेहरा से 10 बैल (कीमत ₹1,00,000/-) और हरि मेहरा से 9 बैल (कीमत ₹90,000/-) शामिल हैं।
पुलिस द्वारा जब आरोपियों से वैध दस्तावेज, पशु परिवहन या बिक्री संबंधी लाइसेंस और मेडिकल प्रमाणपत्र मांगा गया, तो वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में सभी पशुओं को शीलबंद कर जप्त किया और आरोपियों को हिरासत में लिया।
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। थाना देवभोग पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।
