कोरबा पुलिस का साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान: बच्चों को सिखाई ऑनलाइन सुरक्षा की सीख
थाना हरदीबाजार अंतर्गत ग्राम कोरबी धतूरा स्कूल में अक्टूबर 2025 को जिला कोरबा पुलिस द्वारा निरंतर चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी (भा.प.से.) के निर्देशन में किया गया, जिसका उद्देश्य बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में जिला साइबर सेल कोरबा, यातायात पुलिस कोरबा और महिला प्रकोष्ठ कोरबा की संयुक्त टीम ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा, इंटरनेट के दुरुपयोग की रोकथाम, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति संवेदनशील बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

जिला साइबर सेल के साइबर विशेषज्ञ श्री डेमोनोग्रे द्वारा विद्यार्थियों को साइबर बुलिंग, सोशल मीडिया पर अजनबियों से सावधानी, ऑनलाइन बैंकिंग और इंटरनेट फ्रॉड से बचाव, पासवर्ड सुरक्षा और व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने जैसे विषयों पर व्यवहारिक मार्गदर्शन दिया गया। छात्रों को बताया गया कि कैसे सावधानीपूर्वक ऑनलाइन व्यवहार अपनाकर खुद को सुरक्षित रखा जा सकता है।
महिला प्रकोष्ठ कोरबा की टीम ने छात्राओं को महिला अपराधों की रोकथाम और उनकी सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी, वहीं यातायात पुलिस कोरबा के अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग के महत्व को समझाया।

स्कूल प्राचार्य, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और ग्रामवासी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित रहे। जिला साइबर सेल, महिला प्रकोष्ठ, यातायात पुलिस और थाना हरदीबाजार की संयुक्त टीम के सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
पुलिस का संदेश: अभिभावक और विद्यालय प्रशासन बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें, किसी भी संदिग्ध घटना की जानकारी तत्काल संबंधित पुलिस थाना या जिला साइबर सेल को दें और अपने दैनिक जीवन में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
