पासिद स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, छात्रों को हेलमेट की अनिवार्यता बताई गई
छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, चौकी करही बाजार अंतर्गत ग्राम पासिद स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्रों को सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत रहने, वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में बताया गया कि हेलमेट न सिर्फ दुर्घटना में गंभीर चोटों से बचाता है, बल्कि ज़िंदगी बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। छात्रों को सड़क पर सावधानी, नियंत्रण और जिम्मेदारी से वाहन चलाने के मूल सिद्धांत भी समझाए गए।

अभियान के दौरान स्कूल प्रबंधन और पुलिस टीम ने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं हेलमेट पहनें और परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करें। विशेष रूप से बाइक चलाने वाले किशोरों को बिना हेलमेट वाहन चलाने से होने वाले जोखिमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में बढ़ते सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और युवाओं में सुरक्षा की आदत विकसित करना था। छात्र भी इस पहल से उत्साहित दिखे और उन्होंने हेलमेट उपयोग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।
