कबीरधाम पुलिस का वार्षिक चंदमारी अभ्यास प्रारंभ, फायरिंग दक्षता बढ़ाने पर जोर

0

पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल और श्री पंकज पटेल के मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस का वार्षिक चंदमारी (फायरिंग अभ्यास) प्रारंभ किया गया है। जिले के सभी थाना/चौकी, यूनिट एवं विशेष बलों के पुलिस अधिकारी एवं जवान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिदिन फायरिंग अभ्यास में भाग ले रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि वार्षिक चंदमारी पुलिस प्रशिक्षण का अत्यंत महत्वपूर्ण भाग है, जिसका उद्देश्य पुलिस बल की फायरिंग क्षमता, हथियार संचालन कौशल एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि हर पुलिसकर्मी का शारीरिक और तकनीकी रूप से सक्षम होना आवश्यक है, ताकि आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों का प्रभावी सामना किया जा सके। नियमित फायरिंग अभ्यास न केवल निशानेबाजी में दक्षता बढ़ाता है, बल्कि जवानों के आत्मविश्वास में भी वृद्धि करता है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल ने चंदमारी स्थल का निरीक्षण कर जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों के पूर्ण पालन, प्रत्येक हथियार की तकनीकी जांच तथा अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में फायरिंग कराने पर विशेष जोर दिया।

कबीरधाम पुलिस द्वारा आयोजित यह वार्षिक चंदमारी अभ्यास आगामी दिनों तक सतत जारी रहेगा, जिसमें जिले के सभी थानों, आउटफिट्स और विशेष इकाइयों के पुलिसकर्मी शामिल होंगे। पुलिस विभाग का उद्देश्य बेहतर प्रशिक्षण के साथ सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूर्ण दक्षता प्राप्त करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों