सुपेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शेयर ट्रेडिंग में 77 लाख की धोखाधड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार
सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों का वादा करने वाले दो ठगों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित की शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूरे मामले में अब तक 77 लाख रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी “Arena Kaptil Company” के नाम पर लोगों को निवेश स्कीम में पैसा लगाने के लिए प्रेरित करते थे और थोड़े समय में रकम दोगुनी करने का लालच देते थे। निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए आरोपियों ने फर्जी कागजात, सील-पैड और नकली कंंपनी दस्तावेज भी तैयार कर रखे थे। शिकायतकर्ता ने जब निवेश के बाद पैसों की मांग की तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी, जिसके बाद पीड़ित ने सुपेला थाना पहुँचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों से पूछताछ की, जिसमें दोनों ने धोखाधड़ी की बात कबूल कर ली। पुलिस ने मौके से फर्जी कंपनी के सील-पैड, DVR, कंप्यूटर सेट, मनी काउंटिंग मशीन और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जप्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी पिछले कई महीनों से लोगों को निवेश का झांसा देकर मोटी रकम वसूल रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही अन्य निवेशकों से भी अपील की है कि यदि किसी ने इस कंपनी या आरोपियों के माध्यम से निवेश किया है, तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें। सुपेला पुलिस ने कहा है कि निवेश से जुड़ी किसी भी योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता अवश्य जांचें, ताकि ऐसी ठगी से बचा जा सके।
