बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बिना हेलमेट और नशे में ड्राइविंग पर चला कड़ा शिकंजा
बिलासपुर पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सख़्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया, जिसमें शहर भर में बिना हेलमेट और नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने अलग-अलग चौराहों एवं मुख्य मार्गों पर चेकिंग प्वाइंट लगाए और नियमों का पालन न करने वालों पर सख्ती दिखाई।

अभियान के दौरान 174 दोपहिया चालकों को बिना हेलमेट गाड़ी चलाते पकड़ा गया। पुलिस का कहना है कि बिना हेलमेट चलाना सड़क हादसों में गंभीर चोट का बड़ा कारण बनता है, इसलिए इस पर किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
इसी के साथ 46 वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए रोका गया। इन सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान बनाए गए। पुलिस ने बताया कि शराब पीकर गाड़ी चलाना न केवल वाहन चालक बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान के लिए भी ख़तरा है।

पुलिस विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें। साथ ही, शराब सेवन के बाद किसी भी हालत में वाहन न चलाने की चेतावनी भी दी गई है।
अभियान के बाद पुलिस का कहना है कि ऐसे चेकिंग ड्राइव आगे भी जारी रहेंगे, ताकि शहर में सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
