कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जमशेदपुर से नकली शराब नेटवर्क के दो अंतरराज्यीय सप्लायर गिरफ्तार
कबीरधाम पुलिस ने नकली शराब निर्माण और सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क की कड़ियों को तोड़ते हुए एक और बड़ी सफलता हासिल की है। हाल ही में उजागर हुए इस गिरोह की गहराई तक जांच करते हुए पुलिस टीम झारखंड के जमशेदपुर पहुँची, जहां दबिश देकर इस नेटवर्क से जुड़े दो बड़े सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पुलिस की रणनीतिक योजना, तकनीकी विश्लेषण और अन्य राज्यों में भी तेजी से कार्रवाई करने की क्षमता को दर्शाती है।
यह बड़ी सफलता पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल और पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक की निगरानी में मिली। पुलिस टीम ने लगातार नेटवर्क की गतिविधियों पर नजर रखते हुए कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन, फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन, डिजिटल नेटवर्क और रूट मैपिंग की उन्नत तकनीकों का उपयोग किया। जांच के आधार पर मिली पुख्ता जानकारी के बाद टीम ने झारखंड में सटीक समय पर कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपी मोहन प्रसाद गुप्ता ने पूछताछ में बताया कि वह फर्नीचर पॉलिश के कारोबार की आड़ में कोलकाता से भारी मात्रा में स्पिरिट (केमिकल) मंगवाता था, जिसे वह झारखंड और अन्य राज्यों के अवैध शराब नेटवर्कों को सप्लाई करता था। इसी कड़ी में वह कबीरधाम जिले के पोड़ी क्षेत्र में पकड़े गए नंद कुमार और साजिद के गिरोह को भी लंबे समय से नकली शराब तैयार करने हेतु स्पिरिट भेज रहा था।
दूसरा आरोपी राकेश कोहली ने खुलासा किया कि वह कई वर्षों से झारखंड में नकली इंग्लिश शराब तैयार कर अपने नेटवर्क के माध्यम से सप्लाई करता था। साजिद से उसके पुराने परिचय के कारण वह पोड़ी क्षेत्र में सक्रिय गिरोह से जुड़ा और सामग्री भेजने के साथ-साथ व्यक्तिगत रूप से पोड़ी आकर आरोपियों को नकली शराब बनाने की ट्रेनिंग भी दी। इतना ही नहीं, राकेश कोहली नकली ढक्कन, स्टिकर और पैकिंग सामग्री भी बनवाकर लगातार गिरोह को भेजता था।
इस कार्रवाई में एएनटीएफ कबीरधाम के निरीक्षक उमाशंकर राठौर, साइबर सेल के प्रधान आरक्षक वैभव सिंह कलचुरी, आरक्षक रोशन विश्वकर्मा और आरक्षक नारायण पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इससे पहले कबीरधाम पुलिस ने नंद कुमार कुर्रे, इस्लाम उर्फ सुद्दू, शेख साजिद, छोटू उर्फ दिनेश चंद्रवंशी और नेटवर्क के प्रमुख मास्टरमाइंड ईदरिस खान उर्फ पिंटू को गिरफ्तार किया था। वर्तमान में ईदरिस खान गांजा परिवहन प्रकरण में जेल में है और पुलिस उसके रिमांड पर लेकर इस नेटवर्क की और परतें खोलने की तैयारी कर रही है।
