कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बोड़ला में दो गांजा तस्कर गिरफ्तार, 2 किलो मादक पदार्थ बरामद
कबीरधाम पुलिस ने थाना बोड़ला क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं पंकज पटेल के निर्देशन तथा एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से लगभग दो किलोग्राम गांजा और बिना नंबर की ग्रे जुपिटर स्कूटी जब्त की गई।
थाना बोड़ला को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक स्कूटी में अवैध रूप से गांजा लेकर पोड़ी-बोड़ला मार्ग से चिल्फी दिशा में जा रहे हैं। जानकारी की पुष्टि के बाद पुलिस टीम तुरंत रवाना हुई और फारेस्ट बैरियर बांधाटोला के पास एनएच-30 पर नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए विवरण से मिलती-जुलती स्कूटी दिखाई दी, जिसे रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से खाकी टेप से लिपटे दो पैकेट मिले, जिनमें मादक पदार्थ गांजा भरा था। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर कुल वजन 1.958 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने स्कूटी के साथ दोनों आरोपियों — ईदरिस खान उर्फ पिंटू (निवासी पोड़ी) और रामनाथ यादव (निवासी जैताटोला) — के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए। सभी सामान को साइट पर ही पंचनामा बनाकर सीलबंद किया गया।
दोनों तस्करों के खिलाफ थाना बोड़ला में अपराध क्रमांक 198/2025, धारा 20(बी) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों पर प्रभावी रोकथाम का संदेश गया है।
गौर करने वाली बात यह है कि आरोपी ईदरिस खान उर्फ पिंटू हाल ही में पोड़ी क्षेत्र में पकड़े गए नकली शराब निर्माण और सप्लाई नेटवर्क का भी अहम सदस्य है। उसकी भूमिका और नेटवर्क को विस्तार से समझने के लिए कबीरधाम पुलिस उसे नकली शराब प्रकरण में भी रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है, ताकि उसके सहयोगियों, आपूर्ति श्रृंखला और अन्य कड़ियों का खुलासा किया जा सके। पुलिस ने बताया कि जिले में नशे, नकली शराब और संगठित अपराध के विरुद्ध अभियान आगे भी कड़ी सतर्कता के साथ जारी रहेगा।
