सूरजपुर में नई आपराधिक कानून प्रदर्शनी में उमड़ी भीड़, छात्रों में बढ़ी कानूनी जागरूकता

0

सूरजपुर जिला मुख्यालय स्थित कोतवाली परिसर में नई आपराधिक संहिता पर आधारित भव्य प्रदर्शनी इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। 27 नवंबर को माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा शुभारंभ की गई यह प्रदर्शनी 11 दिसंबर तक चल रही है, जिसे देखने के लिए छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। नई कानूनी व्यवस्थाओं को सरल भाषा और इंटरएक्टिव तरीकों से समझाने का यह अनोखा प्रयास लोगों को कानून के प्रति जागरूक कर रहा है।

डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि नई आपराधिक संहिताओं को लेकर छात्रों और नागरिकों में गहरी रुचि देखने को मिल रही है। स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय के हजारों विद्यार्थी, साथ ही जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, अधिवक्ता और विभिन्न संस्थाओं के अधिकारी यहाँ पहुंचकर नए कानूनों की उपयोगिता और बदलते न्यायिक ढांचे को समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि “कानून केवल किताबों में नहीं, बल्कि युवाओं की समझ में भी होना चाहिए। कानून का ज्ञान सबसे बड़ी सुरक्षा है।”

प्रदर्शनी में कानून के अधिकारों, डिजिटल अपराध, फॉरेंसिक जांच की अनिवार्यता, ऑनलाइन पुलिस–न्यायालय–जेल कनेक्टिविटी और आधुनिक जांच प्रक्रियाओं को रोचक तरीकों से दिखाया गया है। बसदेई चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल ने विद्यार्थियों और नागरिकों को बताया कि इन कानूनों की सफलता केवल पुलिस पर नहीं, बल्कि जनता की जागरूकता और सहयोग पर भी निर्भर करती है। प्रदर्शनी इस समझ को विकसित करने में एक मजबूत भूमिका निभा रही है।

साल्का प्रभारी उमेश्वरपुर संजय सिंह यादव ने महिलाओं और बच्चों से जुड़े विशेष प्रावधानों, डिजिटल सबूतों के महत्व और सात वर्ष से अधिक पुराने मामलों में अनिवार्य फॉरेंसिक जांच के बारे में विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नए कानूनों के साथ पुलिस, अभियोजन, न्यायालय और जेल—चारों संस्थाएं तकनीकी रूप से जुड़ गई हैं, जिससे जांच और न्याय की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सशक्त हुई है।

खडगवां चौकी प्रभारी रघुवंशी सिंह ने आगंतुकों को बताया कि नए कानूनी सुधारों का मुख्य उद्देश्य त्वरित न्याय सुनिश्चित करना और जनता का विश्वास मजबूत करना है। बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं और नागरिकों ने इस प्रदर्शनी को ज्ञानवर्धक बताते हुए इसकी सराहना की। एसएसपी श्री ठाकुर ने विशेष रूप से छात्रों से अपील की है कि वे नई कानूनी व्यवस्था को नजदीक से समझने के इस स्वर्णिम अवसर का लाभ अवश्य लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों