फर्जी UPI स्क्रीनशॉट से आईफोन ठगी, बेमेतरा पुलिस ने दो आरोपी किए गिरफ्तार
बेमेतरा।
पुलिस अधीक्षक बेमेतरा श्री रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली बेमेतरा एवं साइबर सेल पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई में फर्जी भुगतान स्क्रीनशॉट दिखाकर महंगे मोबाइल फोन की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर नहीं किया था वास्तविक भुगतान

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा दुकानदारों को फोनपे/यूपीआई भुगतान का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर आईफोन जैसे महंगे मोबाइल फोन हासिल किए जाते थे, जबकि वास्तविक रूप से किसी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाता था। इस तरीके से आरोपी लोगों को धोखे में डालकर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे थे।
2.72 लाख रुपये का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन सहित आईफोन-16, आईफोन-14 समेत कुल 2,72,535 रुपये मूल्य का सामान बरामद किया है। तकनीकी साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों की संलिप्तता स्पष्ट होने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में
- अफरीदी खान, पिता अमजद खान, उम्र 20 वर्ष, निवासी धौराभाठा, थाना धमधा, जिला दुर्ग, वर्तमान पता गोविंद नगर राजा तालाब, थाना सिविल लाइन, जिला रायपुर
- ओमप्रकाश साहू, पिता संतोष साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी धौराभाठा, थाना धमधा, जिला दुर्ग
शामिल हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
बेमेतरा पुलिस की अपील
बेमेतरा पुलिस ने सभी दुकानदारों एवं व्यापारियों से अपील की है कि डिजिटल भुगतान प्राप्त होने के बाद केवल स्क्रीनशॉट पर भरोसा न करें। किसी भी ग्राहक से भुगतान प्राप्त होने पर अपने बैंक ऐप या यूपीआई ऐप में ट्रांजेक्शन की पुष्टि अवश्य करें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
