रायपुर पुलिस का ड्रग्स सिंडिकेट पर बड़ा एक्शन, 7 आरोपी गिरफ्तार, 28 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त
रायपुर:
रायपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स सिंडिकेट पर करारा प्रहार किया है। इस विशेष अभियान के तहत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से लाखों रुपये की अवैध संपत्ति और मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।
पहली कार्रवाई में न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र स्थित एक फ्लैट पर दबिश देकर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से एमडीएमए (MDMA) जैसे प्रतिबंधित मादक पदार्थ सहित लगभग 3.50 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी फ्लैट का उपयोग नशे के अवैध कारोबार के लिए कर रहे थे।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने मामले से जुड़े अन्य तारों को जोड़ते हुए 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक प्रयुक्त कार सहित लगभग 25 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई, जिसे ड्रग्स नेटवर्क से अर्जित बताया जा रहा है।
पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त थे और शहर में युवाओं को निशाना बना रहे थे। आरोपियों के नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ जारी है।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
