“साइबर ठगी का मास्टरमाइंड धराया! दुर्ग पुलिस ने म्यूल अकाउंट गैंग का किया बड़ा खुलासा”
साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने म्यूल अकाउंट के माध्यम से साइबर ठगी को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इसके सरगना समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दुर्ग पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई के दौरान यह गिरोह लंबे समय से साइबर फ्रॉड करने वालों को बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम उपलब्ध कराता था। जांच में सामने आया कि आरोपी म्यूल अकाउंट धारकों और सप्लायरों के नेटवर्क के जरिए ठगी की रकम को इधर-उधर करने में सक्रिय थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 78 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 21 चेकबुक, 18 बैंक पासबुक तथा 16 अलग-अलग टेलीकॉम कंपनियों की सिम कार्ड बरामद की हैं। जब्त की गई सामग्री से स्पष्ट है कि गिरोह बड़े पैमाने पर साइबर ठगी में संलिप्त था।
प्राथमिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरोह का मुख्य आरोपी पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था और अन्य सदस्यों को विभिन्न खातों की व्यवस्था करने के निर्देश देता था। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ जारी है और साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध, म्यूल अकाउंट और डिजिटल ठगी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
